विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022
जिलाधिकारी ने 20 फरवरी को शत-प्रतिशत मतदान करने हेतु जनपद के समस्त मतदाताओं से की अपील

एटा। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने 20 फरवरी को लोकतंत्र के मतदान पर्व पर जनपदवासियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी मतदाता जिम्मेदारी के साथ मतदान करें। लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी मतदाताओं द्वारा वोट किया जाए। वोट डालना प्रत्येक पात्र मतदाता की ज़िम्मेदारी है, गत चुनावों के सारे रिकार्ड इस बार टूट जाएं, हमें इस प्रकार से वोटिंग करनी है। इसके लिए सभी मतदाता काम-काज छोड़ कर घर से निकलें और सबसे पहले मतदान करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मा0 आयोग के निर्देशों के क्रम में तृतीय चरण में 20 फरवरी 2022 को प्रातः 7ः00 बजे से शाम 6ः00 बजे तक मतदान होना तय है। उन्होंने कहा कि मतदाता मजबूत लोकतंत्र बनाने के लिए अपने-अपने घरों से निकलकर मतदान अवश्य करें। प्रत्येक मतदाता अपने मतदान के अधिकार पर गर्व करते हुए समय से अपने बूथ पर पहुंचे और स्वेच्छा से मतदान करें। उन्होंने एक बार पुनः मतदान की अपील करते हुए कहा कि आप सभी पात्र मतदाता 20 फरवरी को मतदान अवश्य करें।