विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022
सी-विजिल एप से करें आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत
मा0 आयोग के निर्देश के क्रम में 100 मिनट में होगा की गई शिकायत का निस्तारण-डीईओ

एटा। जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने सूचित किया है कि मा0 आयोग के निर्देशानुसार जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में 20 फरवरी को मतदान होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन करानें एवं निर्वाचन सम्बन्धी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू किए गए नए सी-विजिल (नागरिक सतर्कता) ऐप का प्रयोग करने की अपील की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सी-विजिल, (नागरिक सतर्कता) नागरिकों के लिए निर्वाचनों के दौरान आदर्श आचार संहिता और व्यय के उल्लंघन की रिपोर्ट करने हेतु एक नया मोबाइल ऐप है। सी-विजिल का आशय नागरिक सतर्कता से है और इसमें नागरिकों द्वारा निर्वाचनों के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष संचालन के लिए परस्पर सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका निभाने पर बल दिया गया है। सी-विजिल एप पर की गई शिकायत को मात्र 100 मिनट में निस्तारित करना होता है। इसलिए निर्वाचन से सम्बन्धित शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु सी-विजिल एप का अधिकाधिक उपयोग करें।
डीईओ ने जानकारी देते हुए बताया कि कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर से सी-विजिल एप डाउनलोड कर सकता है। सी-विजिल उपयोगकर्ता अनुकूल और आसानी से संचालित किया जाने वाला एक एंड्रॉयड एप्लिकेशन है। इस ऐप की एक विशेषता यह है कि यह उड़नदस्तों को समयबद्ध तरीके से कार्य करने के लिए डिजिटल साक्ष्य सुनिश्चित करने हेतु ऐप के भीतर से ऑटो लोकेशन कैप्चर के साथ जीवंत फोटो, वीडियो लेने देता है। इस ऐप को कैमरा, अच्छे इन्टरनेट कनेक्शन और जीपीएस एक्सेस वाले किसी भी एंड्रॉइड स्मार्टफोन पर इंस्टॉल किया जा सकता है।
डीईओ ने बताया कि इस ऐप का प्रयोग करते हुए नागरिक राजनीतिक कदाचार की घटनाओं के घटने के कुछ ही मिनटों में उनकी तत्काल रिपोर्ट कर सकते हैं, जिसके लिए रिटर्निंग ऑफीसर के कार्यालय में तत्काल जाने की जरूरत नहीं होती। सी-विजिल, सतर्क नागरिकों को जिला नियन्त्रण कक्ष, रिटर्निंग अधिकारी और फील्ड यूनिट (उड़न दस्तों), स्टेटिक निगरानी दलों के साथ जोड़ता है, जिससे एक तीव्र और सटीक रिपोर्टिंग, कार्रवाई और निगरानी होती है।
आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की इस तरह कर सकते हैं शिकायत………………….
सी-विजिल एप के माध्यम से शिकायत के लिए शिकायतकर्ता को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वाली गतिविधियों का संक्षेप में विवरण करते हुए एक फोटो खींचें या 2 मिनट का एक वीडियो बनाए तथा शिकायत दर्ज करने से पहले उसका संक्षेप में उल्लेख करना होगा। शिकायत के साथ संलग्न जीआईएस सूचना स्वतः संबंधित जिला नियन्त्रण कक्ष तक पहुँच जाती है, जिसके फलस्वरूप उड़नदस्ता कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच जाएगा। उड़नदस्ते द्वारा शिकायतस्थल पर पहुंच कर 30 मिनट के अन्दर निस्तारण कर रिपोर्ट रिटर्निंग आफीसर को देनी होगी तथा रिटर्निंग आफिसर द्वारा 50 मिनट के अन्दर निस्तारण कर निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट भेजनी होती है यानी कुल 100 मिनट में शिकायत का निस्तारण सुनिश्चित कराया जाता है।