
स्थानीय निकाय के एमएलसी चुनाव के लिए आरओ-एआरओ नियुक्त – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – विधानसभा चुनाव के साथ ही स्थानीय एमएलसी चुनाव को लेकर भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। निर्वाचन आयोग ने अलीगढ़-हाथरस की एमएलसी सीट के लिए चुनाव संपन्न कराने के लिए आरओ-एआरओ नियुक्त कर दिए हैं। इसमें डीएम सेल्वा कुमारी जे. को आरओ व एडीएम सिटी राकेश पटेल को एआरओ बनाया गया है। चार फरवरी को अधिसूचना जारी होते ही नामांकन की शुरुआत हो जाएगी। 11 फरवरी इसकी अंतिम तिथि है। तीन मार्च को मतदान होना है।डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्थानीय निकायों से कुल 32 एमएलसी चुने जाने हैं। इसमें अलीगढ़ स्थानीय प्राधिकारी भी शामिल है। अलीगढ़-हाथरस के मतदाता इस सीट के लिए चुनाव करेंगे। शासन स्तर से इस चुनाव के लिए उन्हें आरओ व एडीएम सिटी को एआरओ बनाया है। नामांकन से लेकर मतगणना तक की पूरी प्रक्रिया को एआरओ के तौर पर एडीएम सिटी पूरी कराएंगे। उन्होंने बताया कि नामांकन के लिए कलक्ट्रेट स्थित कमरा नंबर सात डीएम न्यायालय को निर्धारित किया गया है। एडीएम सिटी राकेश पटेल ने बताया कि आयोग के निर्देश पर चार फरवरी को जिले में अधिसूचना जारी होगी। इसके साथ ही नामांकन की शुरुआत हो जाएगी। अंतिम तिथि 11 फरवरी है। 14 को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 16 फरवरी तक दावेदारों के पास नाम वापसी का मौका रहेगा। इसके बाद तीन मार्च को सुबह आठ बजे से लेकर शाम चार बजे तक मतदान होगा। अलीगढ़ व हाथरस जिले में अलग-अलग बूथ बनाए जा रहे हैं। 12 मार्च को मतगणना होगी। उन्होंने बताया कि आयोग से चुनाव की घोषणा होते ही आचार संहिता लागू हो गई है।