भाजपा विधायक विनय शाक्य की बेटी ने जारी किया वीडियो,पिता का अपहरण हो गया है

लखनऊ।देश के सबसे बड़े प्रदेश उत्तर प्रदेश की सियासत में मंगलवार को बहुत गहमागहमी देखने को मिली है। योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने मंत्रीपद से इस्तीफा देकर सपा का दामन थाम लिया है। स्वामी के बाद कुछ और भाजपा विधायकों के भी सपा में जाने की चर्चा है। इनमें औरया जिले के बिधूना विधानसभा सीट से विधायक विनय शाक्य का भी नाम है। एक और विनय शाक्य के भाजपा छोड़ सपा में जाने की चर्चा है, वहीं दूसरी ओर उनकी बेटी ने कहा है कि विनय शाक्य का अपहरण हो गया है।
विनय शाक्य की बेटी रिया शाक्य ने कहा है कि उनके पिता का चाचा देवेश शाक्य ने कुछ अन्य लोगों के साथ अपहरण कर लिया है और उनको लखनऊ ले गए हैं। भाजपा विधायक विनय शाक्य की बेटी रिया ने वीडियो जारी कर अपने चाचा देवेश शाक्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रिया ने कहा है कि देवेश उनके पिता विनय शाक्य का अपहणरण कर लखनऊ ले गए हैं, जहां उनको सपा में शामिल कराया जाना है।
रिया ने कहा है कि मेरे पिताजी को कुछ साल पहले लकवा मार दिया था जिसके बाद से वो चलने फिरने में असमर्थ हैं। उनकी बीमारी का फायदा उठाकर ही चाचा देवेश शाक्य उनको घर से उठाकर सपा में शामिल करने के लिए लखनऊ ले गए हैं। मैं सबको बताना चाहती हूं कि हम भाजपाई हैं और पार्टी के साथ खड़े हैं। रिया ने कहा है कि चाचा उनका भी अपहरण करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि वह मां को लेकर लखनऊ जा रही हैं। अगर उनकी पिता से मुलाकात नहीं हुई तो फिर वो पुलिस में विधायक पिता के अपहरण का मामला दर्ज कराएंगी।
मामले में देवेश शाक्य का कहना है कि वो अपने भाई का क्यों अपहरण करेंगे। सब सहमति से लखनऊ आएं है। पूरा परिवार एक है और मां भी हमारे साथ है। देवेश का कहना है कि रिया शाक्य भाजपा से टिकट मांग रही हैं। ऐसे में किसी नेता के दबाव में वो ऐसे आरोप लगा रही हैं।