दामाद ने भाई व दोस्तों संग की ससुराल में लूटपाट, मुकदमा दर्ज – रिपोर्ट शुभम शर्मा

दामाद ने भाई व दोस्तों संग की ससुराल में लूटपाट, मुकदमा दर्ज – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – बन्नादेवी क्षेत्र के प्रतिभा कालोनी में परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट किसी अज्ञात ने नहीं, बल्कि परिवार के दामाद ने अपने भाई व दोस्तों संग की थी। पुलिस ने आरोपियों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रही है। बता दें कि मूल रूप से बरला के गांव पहाड़ीपुर निवासी जयप्रकाश किसान हैं। वर्तमान में वह प्रतिभा कालोनी में मकान बनाकर परिवार संग रहते हैं। बेटा सागर गुरुग्राम में इंजीनियर है। बेटी सरिता का ससुरालियों से विवाद चल रहा है। वह दस माह से अपने बेटे गोलू व सौरभ संग पिता के पास ही रह रही है। रात करीब आधा दर्जन बदमाश घर के अंदर घुस गए। बदमाशों ने घर की लॉबी में बैठकर टीवी देख रहे जयप्रकाश और उनकी पत्नी सुधा के ऊपर तमंचा तानकर एक-एक कर सभी को कमरे में बंद कर दिया। तीन बदमाश दूसरे कमरे में घुस गए। बदमाशों ने अलमारी को खंगालना शुरू कर दिया। इसी बीच दुकान पर सामान लेने गई बेटी सरिता घर पहुँची तो बदमाशों ने उसे हाथ पकड़ कर घर के अंदर खींच लिया। बदमाशों ने तसल्ली से घर के चप्पे-चप्पे को खंगाल डालते हुए करीब 6.25 लाख रुपए की नगदी और सरिता व सुधा के कान से सोने के कुंडल व गले से सोने की चेन समत अन्य जेवरात ले लिए। इसके बाद बदमाश घर का बाहर से गेट बंद कर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीडित परिवार ने जंगले से शोर मचाया तो पड़ोसियों ने घर का गेट खोला। एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत, सीओ द्वितीय मोहसिन खान, इंस्पेक्टर सुभाष बाबू ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। पुलिस ने देर रात तक जांच पड़ताल के बाद पीड़ित परिवार की तहरीर पर घर के दामाद रवि गुप्ता, उसके भाई सोनू, दोस्त दिनेश समेत अन्य को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks