साथा चीनी मिल फिर बंद, डीएम ने किया औचक निरीक्षण – रिपोर्ट शुभम शर्मा

साथा चीनी मिल फिर बंद, डीएम ने किया औचक निरीक्षण – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – मरम्मत में लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी साथा चीनी मिल सुचारू रूप से नहीं चल पा रही है। दो दिन पहले मिल को चालू किया गया था। पांच हजार कुंतल गन्ने की पेराई कर मिल फिर बंद हो गई है। बुधवार को डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने मिल का औचक निरीक्षण कर मिल को नियमित चलाने के निर्देश दिए हैं। किसानों के ठहरने का उचित प्रबंध करने को भी कहा है। साथा चीनी मिल की मरम्मत में पिछले साल 85 लाख रुपये से अधिक खर्च हुआ था। इसके बाद भी मिल लगातार नहीं चल सकी है। अलीगढ़ में विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई चीनी मिल की घोषणा की थी। इसके बाद किसानों को तसल्ली हुई। लेकिन, जो गन्ना मिल में पड़ा हुआ है, उसकी चिता भी सताने लगी है। मंगलवार को मिल चली तो करीब पांच हजार कुंतल गन्ने की पेराई हो गई। बुधवार को मिल न चल सकी। डीएम ने मिल के निरीक्षण के दौरान मशीनों को देखा। मिल प्रबंधन से मिल के संचालन, गन्ने के स्टाक की जानकारी ली। सर्द मौसम में किसानों के ठहरने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। डीएम ने पूरी क्षमता के साथ मिल चलाने के निर्देश मिल के जीएम रामशंकर को दिए। गन्ना किसानों से भी उन्होंने वार्ता कर कोविड गाइडलाइन का पालन करने की सलाह दी। जिला गन्ना अधिकारी सुभाष यादव ने डीएम को बताया कि मिल में प्रतिदिन पांच कुंतल गन्ने की पेराई हो रही है। मिल की तकनीकी खामियों को दूर कर संचालन किया गया है। मिल के जीएम राम शंकर ने बताया कि बुधवार को मिल नहीं चली है। करीब चार हजार कुंतल गन्ना मिल में है। गुरुवार को पेराई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त विधान जायसवाल, एसडीएम कोल संजीव ओझा आदि मौजूद रहे।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks