
अ0वि0प्रा0 ने भाजपा नेत्री के बोर्ड लगे निर्माण समेत तीन भवनों पर ठोकी सील – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – अवैध निर्माण के खिलाफ अलीगढ़ विकास प्राधिकरण की कार्रवाई लगातार जारी है। आज सासनी गेट थाना क्षेत्र में भाजपा नेत्री के निर्माण समेत तीन भवनों पर सील ठोक दी। इस महीने में शुरुआत से अब तक करीब 57 से अधिक निर्माणों पर कार्रवाई हो चुकी है। अफसरों का दावा है कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगी।एडीए उपाध्यक्ष गौरांग राठी के निर्देश पर एडीए टीम सासनी गेट थाना क्षेत्र में पहुंची। यहां पर गंगा प्रसाद द्वारा मरघट के बराबर महेंद्र नगर भदेसी रोड सासनीगेट क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए 135 वर्गगज क्षेत्र में बनवाए गए व्यावसायिक एवं आवासीय निर्माण को सील किया गया। इस भवन पर भाजपा महिला मोर्चा महानगर सह कार्यालय प्रभारी कुसुमलता प्रजापति के नाम का बोर्ड लगा हुआ था। इसके बाद टीम सासनी गेट चौराहे के निकट डा. अंजुला भार्गव के हास्पिटल के निकट पहुंची। यहां पर 250 वर्ग गज में स्वीकृत मानचित्र के खिलाफ किए गए निर्माण को सील किया गया। इसके बाद टीम ने हरनारायण लोधी कांप्लेक्स के निकट प्रीति वार्ष्णेय द्वारा 250 वर्ग गज क्षेत्र में बिना नक्शा पास कराए किए गए निर्माण को सील किया गया। इस मौके पर सहायक अभियंता वेदप्रकाश, आरके गुप्ता, गंगेश कुमार, पीयूष त्यागी, मनोज, श्यामवीर समेत अन्य मौजूद रहे।