
मंडल के चारों जिलों में फिर शुरू होंगे कोविड कंट्रोल रूम – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – मंडल के चारों जिलों में एक बार फिर से कोविड कंट्रोल रूम सक्रिय किए जाएंगे। निगरानी समितियों को सक्रिय कर नियमित रूप से समीक्षा भी होगी। यह निर्देश आज मडंलीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर गौरव दयाल ने दिए। इसके साथ ही कहा कि 70 प्रतिशत से अधिक पूरी हो चुकी परियोजनाओं को महीने के अंत तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए। कमिश्नरी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने कहा कि विभिन्न विकास कार्यक्रमों के कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त कराना सुनिश्चित करें। निकट विधान सभा चुनाव के चलते नियमित विभागीय कार्यों को पूर्ण करने में ज्यादा वक्त नहीं मिलेगा। उन्होंने मंडल के सभी सीडीओ को निर्देशित किया है कि वे नियमित समीक्षा करते हुए प्रत्येक दशा में शत-प्रतिशत विभागीय लक्ष्य हासिल करायें। उन्होंने कोविड-19 के नए वेरिएंट ओमीक्रॉन के दृष्टिगत कहा है कि कोविड-19 कंट्रोल रूम सक्रिय रहें और निगरानी समितियों को सक्रिय कर नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार कार्यवाही की जाये एवं बाहर से आने वालों की जांच सुनिश्चित की जाय। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी जिलों में कोविड कन्ट्रोल रूम तत्काल प्रभाव से सक्रिय कर दिए जाएं एवं लोगों को कोरोना के नए वेरिएंट से बचाव के बारे में भी जागरूक किया जाय। उन्होंने कहा कि कोरोना का नया वैरिएन्ट जो कि पहले से काफी अधिक खतरनाक है। अभियान चलाकर सभी लोगों का कोविड वैक्सीनेशन कराएं। उन्होंने सभी डीएम को निर्देशित किया वे स्वयं इसकी रोजाना मॉनिटरिंग करें। इस दौरान डीएम सेल्वा कुमारी जे., डीएम हाथरस रमेश रंजन, डीएम कासगंज हर्षिता माथुर, डीएम एटा अंकित अग्रवाल आदि मौजूद थे।