
पुलिस की नाकामी से कांग्रेस को उठानी पड़ी क्षति: विवेक बंसल – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – उप्र असंगठित कामगार कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष एवं महानगर कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के पूर्व अध्यक्ष नाहर सिंह कठेरिया का शव बरामद होने पर कांग्रेसियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। कांग्रेस हरियाणा प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि लापता कांग्रेस नेता को खोजने में पुलिस नाकाम रही। समय रहते कांग्रेस नेता ने जान को खतरा बताया था, लेकिन पुलिस सक्रिय नहीं हुई। पुलिस की असंवेदनशीलता के कारण कांग्रेस का सिपाही चला गया।कांग्रेस नेता नाहर सिंह कठेरिया का अतरौली के पालीमुकीपुर से मंगलवार को पुलिस ने शव बरामद किया। इससे कांग्रेसियों का गुस्सा भड़क गया। कांग्रेसियों ने अतरौली से लेकर पोस्टमार्टम हाउस पर पुलिस के खिलाफ विरोध प्रकट किया। विवेक बंसल ने कहा कि नाहर सिंह की हत्या दु:खद एवं पीड़ादायक है। पुलिस की कार्यवाही पर प्रश्न उठाते कहा कि तीन माह पूर्व नाहर सिंह ने नामज़द लोगो के खि़लाफ़ अपनी जान का खतरा बताते हुये पुलिस में रिपोर्ट की थी, लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट पर कोई ध्यान नहीं दिया। शिथिलता बरती जिसके चलते कांग्रेस पार्टी का एक जुझारू सिपाही चला गया । इस हत्याकाण्ड में पुलिस की शिथिलता की जांच होना अति आवश्यक है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ठा. संतोष सिंह ने कहा कि पुलिस इस पूरे प्रकरण में लापरवाह बनी रही। समय पर पुलिस जागती तो हत्या नहीं होती। आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।