
अपने घर पर लाइट नहीं लगवा सका, आपकी कैसे लगवा दूं – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – सड़क, सफाई, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने वाले नगर निगम की गाड़ी पटरी से उतरती नजर आ रही है। विभागीय अफसर अपने ही विभाग से अपना काम नहीं करा पा रहे। पिछले दिनों एक पार्षद ने अपने वार्ड में स्ट्रीट लाइट लगवाने का अनुरोध स्ट्रीट लाइट प्रभारी से किया। वे बोले, मैं अपने घर पर लाइट नहीं लगवा सका तो आपकी कैसे लगवा दूं। पार्षद ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। वार्ड की जनता के साथ गृहकर का बहिष्कार की चेतावनी दे डाली। शहर के वार्ड 47 में बदहाल सड़क, क्षतिग्रस्त नालियां, कूड़े के ढेर को लेकर शिकायतें होती रही हैं। क्षेत्रीय पार्षद का कहना है नगर निगम अफसर सुनवाई नहीं कर रहे। स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता के साथ धोखा किया जा रहा है। जनता परेशान है, उनकी परेशानी को निगम अफसर समझने की कोशिश नही कर रहे। स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता का पैसा लूटा जा रहा है। करोड़ों रुपयों का दुरुपयोग हो रहा है। जब तक वार्डो में गलियां, नाली, पुलिया सही नही होंगी तो किस बात का स्मार्ट सिटी? हर जगह पाइप लाइन लीकेज हैं, महीनों तक रोड पर पानी भरा रहता है। कोई सुनवाई नहीं कर रहा। कई बार शिकायत कर चुके हैंपार्षद ने बताया, मेरे वार्ड में अधिकतर पुलिया टूटी हुई हैं, नालियां क्षतिग्रस्त हैं। सड़कें उखड़ गई हैं। लेकिन नगर निगम द्वारा कोई कार्य नहीं कराया जा रहा। सालों से पत्राचार किया जा रहा है, लेकिन ये शिकायती पत्र कूड़ेदान में डाल दिए जाते हैं। इन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती। नगर निगम भाजपा नेताओं के इशारे पर चल रहा है। बताया कि वार्ड में नई स्ट्रीट लाइट के लिए कई महीनों से मांग की जा रही है। तीन बार महापौर बोल चुके हैं। स्ट्रीट लाइट प्रभारी बोलते हैं कि मैं अपने घर पर लाइट नही लगवा पा रहा हूं तो आपके यहां कैसे लग जाएगी। जबकि, उन्ही के द्वारा भाजपा नेताओं व दूसरी पार्टी के नेताओं के कहने पर स्ट्रीट लाइट लगवाई जा रही है। आखिर ऐसा कब तक चलेगा।