
हेलिकॉप्टर क्रैश का आखिरी वीडियो सवालों में: पुलिस का सवाल- प्रतिबंधित इलाके में क्या कर रहे थे वीडियो बनाने वाले, मोबाइल फोरेंसिक जांच को भेजा
तमिलनाडु के कुन्नूर में क्रैश होने से पहले CDS जनरल बिपिन रावत के हेलिकॉप्टर का जो आखिरी वीडियो सामने आया था, उस पर अब सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने वीडियो बनाने वाले व्यक्ति के मोबाइल फोन को जब्त करते हुए फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही उनसे यह भी सवाल किया है कि वे जंगल के उस इलाके में क्या कर रहे थे, जहां बाहरी लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा हुआ है।
हादसे के अगले दिन इस हेलिकॉप्टर का क्रैश होने से ठीक पहले का वीडियो सामने आया था, जिसमें हेलिकॉप्टर बेहद नीचे उड़ते हुए अचानक धुंध में गुम होता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद विस्फोट की आवाज सुनाई देती है। इस वीडियो को बनाने वाला पुरुष व महिलाओं का एक समूह भी इसमें दिखाई देता है, जो जंगल में एक रेलवे ट्रैक पर खड़ा हुआ था। बाद में इस वीडियो को बनाने वाले व्यक्ति की जानकारी सामने आई थी।
यह वीडियो कोयंबटूर के एक फोटोग्राफर वाई जो पॉल उर्फ कुट्टी ने बनाया था, जो उस वक्त हिली नीलगिरी डिस्ट्रिक्ट के कट्टेरी एरिया के जंगल में अपने दोस्तों और परिवार के साथ छुट्टियां मनाने गए हुए थे। एक मीडिया हाउस से बातचीत में 52 वर्षीय कुट्टी ने बताया था कि क्रैश के वक्त वो अपने दोस्त नासिर व परिवार के साथ कटेरी में पहाड़ों पर बने रेलवे ट्रैक पर फोटो शूट कर रहे थे।