
पीएचडी धारक को 50 लाख की मानहानि नोटिस – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – एएमयू के भाषा विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. एमजे वारसी के अधिवक्ता रवि कुमार शर्मा व अधिवक्ता पंकज अवस्थी ने पीएचडी धारक दानिश रहीम को 50 लाख रुपये की मानहानि का नोटिस भेजा है। यह नोटिस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ प्रकरण में प्रो. वारसी को जबरन घसीटने पर दिया गया है।प्रो. वारसी की तरफ से अधिवक्ता रवि कुमार शर्मा व अधिवक्ता पंकज अवस्थी ने बताया कि डॉ. दानिश के आरोपों से उनके मुवक्किल और परिवार की छवि को धक्का लगा है। इसलिए उन्हें दो दिसंबर 2021 को मानहानि का नोटिस भेज दिया गया है। उनसे 15 दिन में उनके मुवक्किल को 50 लाख रुपये अदा करने के लिए कहा गया है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो डॉ. दानिश के खिलाफ अदालत की शरण लेंगे। डॉ. दानिश ने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करने पर उनसे भाषा विज्ञान की पीएचडी डिग्री वापस मांगी जा रही है। डॉ. दानिश रहीम ने आरोप लगाया कि 22 दिसंबर 2020 को उन्होंने एएमयू के साथ प्रधानमंत्री के वर्चुअल सेशन के बाद इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को साक्षात्कार दिया था, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री, कुलपति की तारीफ की थी। डॉ. दानिश ने कहा कि इसके बाद विभागाध्यक्ष ने विभाग में बुलाकर उन्हें किसी भी राजनीतिक नेता की प्रशंसा न करने की चेतावनी दी। हालांकि, इन आरोपों को प्रो. एमजे वारसी ने सिरे से खारिज कर दिया और डॉ. दानिश के खिलाफ मानहानि का नोटिस भेज दिया।