
आठ माह में 514 करोड़ की मदिरा गटक गए लोग – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – एक अप्रैल से 30 नवंबर तक अलीगढ़ वासी 514.27 करोड़ रुपये की देशी, विदेशी शराब व बीयर पी गए, जबकि आबकारी विभाग द्वारा चलाए गए अभियान में कुल 10650 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। 378 केस दर्ज कराए गए, आठ वाहन पकड़े और 46 शराब तस्करों को जेल भेजा गया। सिर्फ नवंबर में ही देशी, विदेशी शराब एवं बीयर की बिक्री से 72.69 करोड़ रुपये का राजस्व मिला। 1136 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। 75 लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए।जिला आबकारी अधिकारी सतीश चंद्र ने बताया कि नवंबर में देशी शराब की बिक्री में 26.40 प्रतिशत, बीयर की बिक्री में 61.31 प्रतिशत एवं विदेशी मदिरा की बिक्री में 5.19 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है।बिक्री से कुल 72.69 करोड़ का राजस्व मिला है, जो इस माह के लक्ष्य 77.05 करोड़ रुपये के सापेक्ष 94.34 प्रतिशत है। अप्रैल से अब तक देशी, विदेशी मदिरा व बीयर की बिक्री से 514.27 करोड़ का राजस्व मिला है, जो क्रमिक लक्ष्य 630.19 करोड़ के सापेक्ष 81.61 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को आबकारी विभाग की टीमों ने सहायक आबकारी आयुक्त प्रवर्तन सुदर्शन सिंह व उनके नेतृत्व में अतरौली के दादों थाना क्षेत्र में सांकरा, सीकरी, कंचनपुर, गोपालपुर, हारनपुर व गंगा के खादर वाले इलाकों में चेकिंग की। लेकिन कुछ नहीं मिला।जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि शादी व पार्टी के दौरान मदिरा पान के इच्छुक लोगों को एक दिवसीय लाइसेंस लेना होगा। इसके बिना यदि मदिरा पान किया गया तो कार्रवाई होगी। उन्होंने होटल, रेस्टोरेंट व बरातघर संचालकों को बिना लाइसेंस मदिरा पान न होने देने के निर्देश दिए।