
विकास प्राधिकरण ने सात अवैध निर्माणों पर ठोकी सील – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सात अवैध निर्माणों को सील किया। एक स्थान पर विरोध भी हुआ, मगर पुलिस की सख्ती के चलते किसी की एक न चली। टीम दोपहर बाद सभी निर्माणों को सील कर लौटी।शहर में दिनों-दिन अवैध निर्माण बढ़ते जा रहे हैं। प्रमुख मार्ग व बाजारों में अवैध निर्माण हो रहे हैं। लंबे समय बाद प्राधिकरण ने इसके खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।एडीए की टीम ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सीलिग की कार्रवाई की। टीम सबसे पहले अमीर निशां में नसीम अहमद की इमारत पर पहुंची। करीब 500 वर्ग क्षेत्र में यहां बिना नक्शा पास कराए निर्माण किया गया था। इसी निर्माण के निकट अवैध रूप से बनी शबाब अहमद की बहुमंजिला इमारत को सील किया। यहां से मुशर्रफ मंजिल लाल डिग्गी पहुंची टीम ने फैज मुराद शेरवानी की इमारत को सील किया। इसी के निकट निर्माणाधीन बिशमा मारूफ की इमारत को सील किया। यहां कुछ लोगों ने टीम का विरोध किया, लेकिन पुलिस के चलते कार्रवाई चलती रही। टीम सर सैयद नगर पहुंची और यहां सुहैल अली की निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत को सील किया। इसी के निकट इजलाल अहमद की चार मंजिला निर्माणाधीन इमारत को भी सील किया। बरौला पुल के नीचे रिकू की दो मंजिला इमारत को सील किया गया।