
टीईटी का व्हाट्सएप पर लीक हुआ पेपर, खंगाले जा रहे सुराग – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा का पेपर व्हाट्सएप पर वायरल होने के चलते इस परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। व्हाट्सएप पर यह पेपर बुलंदशहर, गाजियाबाद, मथुरा के अभ्यर्थियों के पास पहुंचा है।इसको लेकर अलीगढ़ में भी खलबली मची हुई है। आशंका जताई जा रही है कि पेपर लीक के तार इन जिलों के मध्य बिंदु अलीगढ़ से जुड़े हो सकते हैं। दरअसल, दो दिन पहले ही अलीगढ़ में पुलिस भर्ती परीक्षा के सॉल्वर गैंग के तीन गुर्गे पकड़े गए हैं। इनमें से सात लोग अभी भी फरार है। पुलिस को शक है कि इन सात में से कोई न कोई टीईटी परीक्षा से भी जुड़ा हो सकता है। इससे पहले दरोगा भर्ती में भी अलीगढ़ के तार जुड़े हुए थे। शहर के एक होटल में उक्त परीक्षा के मुन्नाभाई आकर ठहरे हुए थे। मेरठ में एसटीएफ द्वारा उक्त आरोपियों को पकड़ा गया था। इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन, जिला पुलिस व शिक्षा विभाग सक्रिय है। फिलहाल एसटीएफ को पेपर लीक मामले की जांच सौंपी गई है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि टीईटी परीक्षा पेपर लीक मामले में पूरे प्रदेश में एसटीएफ द्वारा गैंग को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अलीगढ़ में भी खुफिया तौर पर इसकी पड़ताल की जा रही है।