
बसपा में फेरबदल, सूरज सिंह फिर से अलीगढ़ मंडल में – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ में बहुजन समाज पार्टी में विधानसभा चुनाव से पूर्व मंडल स्तरीय संगठन में पिछले कई दिनों से फेरबदल जारी है। दो दिन पहले बरेली मंडल भेजे गए सूरज सिंह को फिर से अलीगढ़ मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इनके अलावा चार अन्य मुख्य सेक्टर प्रभारी अलीगढ़ मंडल बनाए गए हैं, जिनमें अभी तक मुख्य सेक्टर प्रभारी अलीगढ़ जिला की कमान संभाल रहे विजेंद्र सिंह विक्रम और पूर्व जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्रा, अशोक सिंह, राजकुमार गौतम को शामिल किया गया है। वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सांसद बाबू मुनकाद अली को अलीगढ़ मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। इनके साथ ही रणवीर सिंह कश्यप को भी जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। जिलाध्यक्ष रतनदीप सिंह ने बताया कि पार्टी की उच्च स्तरीय समिति ने संगठन में बदलाव का फैसला किया है। आगामी विधानसभा चुनाव मजबूती के साथ लड़ने के उद्देश्य से यह बदलाव किए गए हैं। फिलहाल विधानसभा प्रत्याशियों का नाम तय करने पर पूरी जोर आजमाइश की जा रही है।