
सरकारी कार्यालयों में कामकाज रहेगा प्रभावित, कलक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – जिला स्तरीय किसी सरकारी कार्यालय में कामकाज निपटाने के लिए आप जा रहे हैं तो आपके लिए महत्वपूर्ण खबर है। गुरुवार को उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के तत्वावधान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन प्रस्तावित है। कलक्ट्रेट पर यह धरना होगा। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन दिया जाएगा। राज्य कर्मचारियों ने इसके लिए रणनीति बना ली है। आधा दर्जन से अधिक विभागों के कर्मचारी इसमें शामिल होंगे। विकास भवन, कृषि विभाग, स्वास्थ्य समेत अन्य विभागों में कामकाज प्रभावित हो सकता है। उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के तत्वावधान में मंगलवार को दोदपुर स्थित वरुणालय गेस्ट हाउस में एक बैठक हुई। इसमें गुरुवार को कलक्ट्रेट पर प्रस्तावित धरना प्रदर्शन व ज्ञापन कार्यक्रम को लेकर रणनीति बनाई गई।जिलाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि प्रदेश के राज्य कर्मचारियों, मनरेगा, संविदा, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ता, रसोइया आदि कर्मचारियों की मांगों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए प्रान्तीय नेतृत्व ने मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव को ज्ञापन दे दिया है। अब गुरुवार को सूबे के सभी जिलों में धरना प्रदर्शन एवं ज्ञापन दिए जाएंगे। इसके बाद पांच दिसंबर को गांधी भवन लखनऊ में प्रदेश के सभी कर्मचारियें की बैठक होगी। ऐसे में जिलाध्यक्ष ने अधिक से अधिक कर्मचारियों से इस धरना प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की एक दर्जन से अधिक मांगें काफी लंबे समय से लंबित पड़ी हुई हैं। इसमें पुरानी पेंशन बहाली व कई नए पदों पर नियुक्ति प्रमुख हैं। ऐसे में उन्होंने जिले के सभी कर्मचारियों से इसमें शमिल होकर धरना प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।