
लख़नऊ में नौकरी दिलाने के नाम पर सैकड़ों
बेरोज़गारों से ठगी, एक आरोपित गिरफ़्तार।
——————————————–
लख़नऊ/ खाड़ी देश में नौकरी लगवाने के नाम पर सैकड़ों बेरोजगारों से करीब एक करोड़ की ठगी के आरोप में के आरोप में कृष्णानगर पुलिस ने प्लेसमेंट एजेंसी संचालक अमित कुमार को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर आलोक कुमार के मुताबिक अमित कुमार दिल्ली के रोहिणी का रहने वाला है। उसके पास से सात पासपोर्ट बरामद किए गए हैं।
कंसलटेंसी खोलकर कर रहा था ठगी, प्रति व्यक्ति एक लाख वसूलते थेः इंस्पेक्टर आलोक कुमार राय ने बताया कि जालसाज अमित ने साथी दिनेश निवासी सुलतानपुर व अन्य के साथ मिलकर कंसलटेंसी खोल रखी थी। आफिस कृष्णानगर इलाके में बनाया था। यह लोग बेरोज़गारों को ऊंचे वेतन पर सऊदी, इराक़ और कुवैत में मैकेनिक, फिटर और प्लंबर की नौकरी दिलाने का आश्वासन देते थे। प्रति व्यक्ति 70 हज़ार से एक लाख रुपये मेडिकल, वीजा, पासपोर्ट बनवाने के मद में लेते थे।
रुपये मिलने के बाद उन्हें फर्जी, एयर टिकट, वीज़ा देकर एयरपोर्ट भेजते थे। एयरपोर्ट पहुंचने पर पासपोर्ट देने का दावा करते थे। पीड़ित जब वीज़ा लेकर एयरपोर्ट पहुंचते वहां पता चलता कि एयर टिकट और वीज़ा फ़र्जी है। शनिवार को कई पीड़ित इनके आफ़िस पर पहुंचकर हंगामा कर रहे थे। पीड़ितों की सूचना पर पुलिस पहुंची। तो दिनेश और उसका एक साथी भाग निकला। जबकि अमित को गिरफ्तार कर लिया गया।
अन्य की तलाश में दबिशः इंस्पेक्टर ने बताया कि अन्य आरोपितों की तलाश में दो टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ़्तार किया जाएगा। पीड़ितों ने बताया कि किसी ने उधार तो किसी ने घर के ज़ेवर गिरवीं रखकर अमित को रुपये दिए थे। अमित और गिरोह के अन्य लोगों ने फ़र्जी मेडिकल भी सबका बनवाकर कहीं से दिया था। बिना परीक्षण के ही मेडिकल बनवा दिया था।