
साथा चीनी मिल में मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य जारी, जल्द ही मिल होगी संचालित – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – प्रधान प्रबन्धक, दि किसान सहकारी चीनी मिल साथा रामशंकर ने मिल के संचालन के सम्बन्ध में अवगत कराया है कि वर्तमान में पुरानी मशीनरी एवं प्लेटफार्म अत्यंत जर्जर होने के कारण मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चीनी मिल का मरम्मत कार्य जल्द ही पूर्ण कराते हुए स्टीम ट्रायल के पश्चात 22 दिसम्बर तक मिल संचालन का शुभारम्भ कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि टैक्निशियनों द्वारा निरन्तर दिन और रात मेहनत कर मशीनों की मरम्मत कर जल्द से जल्द संचालन करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यदि किसी कृषक के पास शत-प्रतिशत गन्ना है और गेंहू बुवाई के लिए खेत खाली न होने की समस्या उत्पन्न हो रही है, तो ऐसी स्थिति में जिला गन्ना अधिकारी द्वारा निकटतम अन्य चीनी मिल पर गन्ना भेजने की व्यवस्था प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाएगी।