
एक सप्ताह चलेगा नवजात शिशु देखभाल सप्ताह – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – नवजात की समुचित देखभाल उसके बचपन को खुशहाल बनाने के लिए बहुत ही जरूरी होती है। इसके अलावा शिशु मृत्यु दर को भी कम करने में इसकी बड़ी भूमिका है। इसी को ध्यान में रखते हुए नवजात शिशु देखभाल सप्ताह देश में प्रतिवर्ष 15 से 21 नवंबर मनाया जाता है। इस सप्ताह को मनाने का उद्देश्य बच्चे की उत्तरजीविता और विकास के लिए नवजात शिशु की देखभाल के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आनंद उपाध्याय ने कहा कि इस सप्ताह नवजात शिशु देखभाल के लिए एक सप्ताह अभियान चलेगा, इसके लिए समस्त सीएचसी पीएचसी को कार्यक्रम के सफल आयोजन के निर्देश दिए गए हैं।एसीएमओ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. बीके राजपूत का कहना है कि बच्चे के शुरू के एक हजार दिन बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान गर्भवती के खानपान का पूरा ध्यान रखना चाहिए। बच्चे को जन्म के पहले घंटे में मां का दूध अवश्य पिलाएं, क्योंकि यह बच्चे का पहला टीका होता है। नवजात शिशु देखभाल सप्ताह पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ पंकज मिश्रा ने बताया सोमवार को नवजात शिशु देखभाल सप्ताह मनाया गया जोकि 15 नवंबर से 21 नवंबर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं को शिशु की कैसे देखभाल करनी है और गर्भवती महिलाओं को स्तनपान के बारे में विस्तारपूर्वक एमओआईसी द्वारा जानकारी दी गई। कुपोषण और संक्रमण से बचाव के लिए छह महीने तक केवल माँ का दूध पिलाएं, शहद, घुट्टी, पानी आदि बिल्कुल न पिलाएं।