
विकास कार्यों की मासिक समीक्षा में डीएम ने दिखाए कड़े तेवर – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक की। डीएम ने कहा कि विधानसभा निर्वाचन 2022 के दृष्टिगत निर्माणाधीन विकासपरक परियोजनाओं को निर्धारित समायावधि में पूर्ण किया जाए। आदर्श आचार संहिता लागू होने से पूर्व कार्यदायी संस्थाएं प्राथमिकता से निर्माण कार्यों को पूर्ण कर हैण्डेडओवर-टेकेनओवर की कार्यवाही पूर्ण कर सम्बन्धित विभाग को सुपुर्द करें।डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ अधिकारियों लचर कार्यशैली के चलते जनपद की छवि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है, उन्होंने तल्ख लहजे में कहा कि अधिकारी कार्यशैली सुधारें अन्यथा उन्हें कठोरतम कार्रवाई के लिए बाध्य होना पड़ेगा। विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने जहां सीएमओ डा आनन्द उपाध्याय को कठोर चेतावनी, डिप्टी सीएमओ डा दुर्गेश कुमार का वेतन रोकने के साथ ही डा एस.पी. सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टी निर्गत करने के निर्देश दिये। सहायक निबन्धक सहकारिता, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं जिला गन्ना अधिकारी को भी डीएम के गुस्से का कोपभाजन बनना पड़ा। विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य, सिंचाई, पशुपालन, सहकारिता एवं गन्ना विभाग डीएम के सीधे निशाने पर रहे। डीएम ने त्वरित टिप्पणी करते हुए कहा कि जिन अधिकारियों द्वारा जनहित में शासन की मंशा के अनुरूप कार्य नहीं किया जा रहा है। अभी वह सचेत कर रही हैं, अधिकारी कार्यशैली में सुधार कर लें, अन्यथा की दशा में कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दिसम्बर माह में प्रदेश के मुख्यमंत्री कभी भी जनपद आ सकते हैं, ऐसे में अधिकारी अपने लक्ष्यों की पूर्ति करना सुनिश्चित करें। मुख्य विकास अधिकारी ने शेखा झील में जलकुम्भी साफ कराने के लिए डीएफओ को निर्देशित करते हुए सीवीओ को गौसंरक्षण केन्द्रों पर गौवंशों को सर्दी से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम करने के निदेश दिये।