
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा दिवस गोष्ठी का हुआ आयोजन – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़- आज राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के उपलक्ष में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, अलीगढ़ द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति विषय पर एक गोष्ठी का आयोजन कुलदीप विहार, क्वारसी बाईपास स्थित एक फार्म हाउस पर किया गया । डॉ ब्रज भूषण शरण सिंह, मुख्य कार्यकारिणी अध्यक्ष ने नई शिक्षा नीति पर अपने विचार प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और बताया कि सभी स्तरों पर छात्रों को बागवानी, नियमित रूप से खेल-कूद, योग, नृत्य, मार्शल आर्ट को स्थानीय उपलब्धता के अनुसार प्रदान करने की कोशिश की जाएगी ताकि बच्चे शारीरिक गतिविधियों एवं व्यायाम वगैरह में भाग ले सकें । उच्च शिक्षा संवर्ग के अध्यक्ष डॉ. हरेंद्र गौड़ ने बताया कि स्नातक पाठ्यक्रम में मल्टीपल एंट्री एंड एक्ज़िट व्यवस्था को अपनाया गया है । इसके तहत 3 या 4 वर्ष के स्नातक कार्यक्रम में छात्र कई स्तरों पर पाठ्यक्रम को छोड़ सकेंगे और उन्हें उसी के अनुरूप डिग्री या प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा ।कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ अनूप शर्मा, जिला संरक्षक डॉ एच एन सिंह, मंडल अध्यक्ष उपेंद्र उपाध्याय, चौधरी श्री किशोर, डॉ ईश्वरी प्रसाद, पुष्पेंद्र सिंह, सुनीता चौधरी आदि उपस्थित रहे ।