
शहर में पुरानी सड़क के मलबे से तैयार होंगी नई सड़क – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – सड़कों के निर्माण में अब फुल डेप्थ रिक्लेमेशन तकनीक का इस्तेमाल होगा। इसमें पुरानी सड़क के मलबे से ही नई सड़क बनाई जाएंगी। मंडल में पहली बार इस नई तकनीक से हाथरस जिले की चार सड़कों के निर्माण का निर्णय हुआ है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इनका निर्माण हो रहा है। जल्द ही विभाग काम शुरू कर देगा। नई तकनीक से निर्माण में 20 प्रतिशत की लागत तो कम होगी ही, साथ ही पर्यावरण भी अनुकूल रहेगा। पहाड़ों से गिट्टी लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं, सड़क भी मजबूत होगी। ऐसे में उम्र भी बढ़ जाएगी।फिलहाल प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण का जिम्मा दो विभागों के ऊपर है। इनमें ग्रामीण अभियंत्रण विभाग व लोक निर्माण विभाग शामिल हैं। फिलहाल प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तीन पर काम चल रहा है। इसमें अलीगढ़ जिले में करीब दो दर्जन से अधिक सड़कों पर काम चल रहा है। वहीं, हाथरस में भी इतनी ही सड़कें बन रही हैं। शासन स्तर से अलीगढ़ मंडल में इस योजना के तहत एफडीआर तकनीक से हाथरस जिले की चार सड़कें बनाने का फैसला लिया गया है। इन सड़कों के निर्माण की जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को दी गई है। सड़कों का चयन हो चुका है। जल्द ही इन पर काम शुरू हो जाएगा।