
डेंगू से महिला की मौत, आठ चपेट में आए – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – डेंगू से पीड़ित महिला की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। जबकि आठ नए लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। जनपद में अब तक 1122 लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं।महावीर धाम कॉलोनी लोधी विहार निवासी नीता सक्सेना पत्नी प्रेमपाल सक्सेना डेंगू से पीड़ित थी। वह निजी अस्पताल में भर्ती थी। सोमवार को उनकी मृत्यु हो गई। लोधी विहार निवासी एक युवक सहित 8 लोग डेंगू से पीड़ित हैं। अधिकारियों ने डेंगू से मौत से अनभिज्ञता जताई है।इधर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में बुखार के 103 मरीज भर्ती है। राहत की बात है कि डेंगू का एक भी मरीज नहीं है। रविवार को बुखार एवं चकत्ते से पीड़ित महिला भी स्वस्थ है। मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार ने जाकर महिला की जानकारी ली।डीएमओ डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में सेहोर, बरौली, सरौल, लक्ष्मणगढ़ी, दतावली, बन्नादेवी, इंद्रानगर व क्वार्सी में कैंप लगाकर दवाओं का वितरण किया गया। 131 लोगों को दवाएं दी गई। बुखार के 35 मरीज चिन्हित किए गए। 91 घरों का सर्वे किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न मुहल्लों में सोर्स रिडक्शन कार्रवाई की गई। 2634 घरों के भ्रमण में 22 पात्र धनात्मक पाए गए। 44 रोगियों की रक्त पट्टिका बनाई गई।