
प्रमुख बाजारों में आज चार पहिया वाहनों पर प्रतिबंध – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा व भैया दूज को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है। यदि आप शहर के प्रमुख बाजारों में चार पहिया वाहन लेकर खरीदारी करने जा रहे हैं तो वाहन ले जाने से पहले वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और वाहन को निर्धारित पार्किंंग स्थल पर ही खड़ा करें। एसपी ट्रैफिक सतीश चंद्र ने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने प्रमुख बाजारों में दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक चार पहिया वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित कर दिया गया है। नागरिकों से अपील है कि वह वाहन लेकर भीड़ वाले बाजारों में जाने से बचें।शहर के सेंटर प्वाइंट बाजार, महावीरगंज बाजार में सभी प्रकार के चार पहिया वाहन, टेंपो, ई-रिक्शा आदि प्रतिबंधित रहेंगे। इसमें स्टेट बैंक से सेंटर प्वाइंट, मधेपुरा, मैरिस रोड व गांधी नेत्र चिकित्सालय की ओर से आने वाले वाहनों पर पूरी तरह से रोक रहेगी। महावीरगंज बाजार में बारहद्वारी प्रथम व द्वितीय से महावीरगंज, सब्जी मंडी से महावीर गंज, मीरूमल चौराहे से रेलवे रोड व मदारगेट से फूल चौराहे की ओर से आने-जाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।