
नगर स्वास्थ्य अधिकारी के आवास में संदिग्ध हालात में जलती मिली महिला – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – क्वार्सी क्षेत्र की पाश कालोनी स्वर्ण जयंती नगर सोमवार देर रात एक महिला की चीख-पुकार से दहल गया। महिला नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. कमल सिंह के घर से संदिग्ध हालात में जलती हालत में निकली। महिला कौन है? कैसे वह जली? पुलिस इन सारे सवालों का जवाब तलाशने में जुटी थी। महिला को गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।स्वर्ण जयंती नगर स्थित ओरा पर्ल अपार्टमेंट के सामने वाली गली में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. कमल सिंह का आवास है। रात करीब 12:30 बजे एक महिला घर के बाहर चीखती हुई निकली। महिला जली हुई हालत में थी। इसको लेकर इलाके में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। मुख्य गेट अंदर से बंद होने के चलते मोहल्ले के लोग उसे बचाने में असफल रहे तो पुलिस को सूचना दी। एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत के अनुसार मोहल्ले के लोगों का यह भी कहना है कि डाक्टर की पत्नी मकान के अंदर थी। वो आग बुझाने की बजाय महिला को देख रही थी। क्वार्सी इंस्पेक्टर विजय सिंह ने मौके पर पहुंचकर महिला को किसी तरह आग से बचाया। नाजुक हालत को देखते हुए उसे जेएन मेडिकल कालेज भिजवाया। महिला का नाम विमला पता चला है, जो देवसैनी में रहती है। इस महिला के नगर स्वास्थ्य अधिकारी व उनकी पत्नी से क्या संबंध हैं? इसकी जानकारी की जा रही है। सीओ सिविल लाइन श्वेताभ पांडे जांच कर रहे हैं। महिला ने किन हालात में आग लगाई अथवा उसे किसी ने जलाने की कोशिश की है, इस बारे में भी तहकीकात की जा रही है।