स्वास्थ्य केंद्रों पर खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन
एटा,

जनपद में गुरुवार को खुशहाल परिवार दिवस मनाया गया। इस मौके पर दंपति को परिवार नियोजन के लाभ और परिवार नियोजन के साधनों के बारे में जानकारी दी गई। सामुदायिक स्तर पर परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं बच्चों के जन्म में तीन वर्ष का अंतराल रखने के बारे में प्रेरित करने के लिए हर माह की 21 तारीख को खुशहाल परिवार दिवस मनाया जाता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जनपद में जिला महिला अस्पताल समेत 11 स्वास्थ्य इकाइयों पर परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से खुशहाल परिवार दिवस मनाया गया। उन्होंने बताया कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में परिवार नियोजन की सेवाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं । खुशहाल परिवार दिवस पर तीन विशेष समूह को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करने का लक्ष्य है। पहले समूह में हाई रिस्क प्रेगनेंसी (एचआरपी) वाली महिलाएं, दूसरे समूह में नवविवाहित दंपत्ति व तीसरे समूह में ऐसे योग्य दंपत्ति को शामिल किया गया है जिनके तीन या तीन से अधिक बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि लोग परिवार नियोजन के साधनों को अपनाएं और परिवार की खुशहाली को बनाए रखें।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व नोडल अधिकारी परिवार नियोजन कार्यक्रम डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि सामुदायिक स्तर पर परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता और स्वीकार्यता बढ़ाने पर सरकार द्वारा पूरा जोर दिया जा रहा है। सामुदायिक स्तर पर परिवार नियोजन के स्थाई व अस्थाई साधनों को इच्छुक लाभार्थीयों, दम्पत्ति तक पहुंचाना खुशहाल परिवार दिवस का एक उद्देश्य है।