
अलीगढ़ कोर्ट ने कंचन हत्याकांड में बेटे समेत सभी लोगों पर आरोप किये तय
अलीगढ़ क्वार्सी क्षेत्र के सरोज नगर में हुए कंचन हत्याकांड हत्या के मामले में एडीजे प्रथम शाहिज रजा की कोर्ट में आरोपित बेटे समेत चारों लोगों पर आरोप तय किए गए। मामले में अब गवाही शुरू होगी, जिसके लिए 10 नवंबर की तारीख नियत की गई है। इधर, आरोपित बेटे की पत्नी सोनम ने खुद के साथ सहेली शेहजल को निर्दोष बताते हुए आरोप तय न करने को लेकर याचिका दायर की थी, जो खारिज कर दी गई। क्वार्सी क्षेत्र के सरोज नगर गली नंबर दो निवासी कुलदीप वर्मा के घर में फरवरी 2021 में दिनदहाड़े लूट हुई थी। बदमाशों ने उनकी पत्नी कंचन वर्मा की हत्या कर दी। यह हत्या कंचन के बेटे योगेश उर्फ राजा, उसकी पत्नी सोनम उर्फ चित्रा व सहेली शेहजल चौहान व शेहजल के प्रेमी ने की थी। पुलिस ने चारों को जेल भेजा था। एक करोड़ से अधिक का लूट का सामान भी बरामद किया गया था। एडीजीसी अमर सिंह तोमर ने बताया कि चारों आरोपितों आरोप तय किए गए हैं। पहली गवाही 10 नवंबर को योगेश के पिता की होगी।