
अलीगढ़: नवरात्र में महिला पुलिसकर्मियों को मिली आवास की सौगात, मिशन शक्ति अभियान के तहत बैरक तैयार
मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस लाइन परिसर में महिला आरक्षियों के लिए महिला बैरक बनकर तैयार हो गई है। 48 आरक्षियों की क्षमता वाला बैरक नवरात्र में रहने के लिए सौंपा गया है। इसे एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बेहद अल्प समय में निर्देश देकर बनवाया गया है।बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराने की प्राथमिकता व कर्मचारियों की आवासीय व्यवस्था को बेहतर बनाने की आवश्यकता के क्रम में एसएसपी ने महिला आरक्षियों के लिए 48 की क्षमता की आधुनिक बैरक नवीन पुलिस लाइन छेरत में तैयार कराई गई है। इस बैरक में आधुनिक कमरे, मॉड्यूलर कपबोर्ड, किचन, शौचालय आदि तैयार किए गए हैं और अग्नि सुरक्षा हेतु फायर एक्स्टिंग्युशर व अन्य उपकरण लगाए गए हैं।साथ में पौधरोपण कराकर वातावरण भी बेहद स्वच्छ व हरा भरा बनाया गया है। एसएसपी ने इसे लेकर अप्रैल माह में प्लान तैयार कराया था और जुलाई व अगस्त में दो बार निरीक्षण कर इसकी प्रगति का भी जायजा लिया था। बैरक बनकर तैयार होने के बाद नवरात्र में आरआई लाइन को सौंप दिया गया है। इसमें अब महिला आरक्षियों को आवास आवंटित किए जा रहे हैं।