
अलीगढ़ छर्रा के बहादुरपुर रहचोई में हाईटेंशन के करंट से तीन लोग झुलसे, एक गंभीर
अलीगढ़ छर्रा क्षेत्र के बहादुरपुर रहचोई में मकान के निर्माण के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने के चलते पिता-पुत्र व राजमिस्त्री बुरी तरह झुलस गए। आनन फानन तीनों को कस्बा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां से एक युवक को अलीगढ रेफर कर दिया है। ग्राम बहादुर पुर रहचोई निवासी मोहनलाल अपने मकान की दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य करा रहे हैं।पाड़ बनाने के लिए मोहनलाल का पुत्र पुष्पेंद्र कुमार लोहे के पाइप छत पर चढ़ा रहा था। तभी किसी तरह पाइप मकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। मकान की छत पर पानी भरा हुआ था। जिसके चलते पुष्पेंद्र कुमार, मोहनलाल व ग्राम रुखाला निवासी राजमिस्त्री जाहिद खां करंट की चपेट में आकर झुलस गए। चीख पुकार सुन स्वजन व पड़ोसी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तीनों को छर्रा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से पुष्पेंद्र कुमार को अलीगढ़ रेफर कर दिया। पुष्पेंद्र के पेट, आंखों एवं हाथ-पैरों तथा अन्य दोनों घायलों के सिर व पेट में चोटें आई हैं। एक साल पूर्व अन्य मकान पर काम करते समय मोहनलाल करंट में चपेट में आए थे। ग्रामीणों ने विभाग से लाइन बदलने की मांग की है।