
अलीगढ़ में बस स्टैंड पर पहुंचे एसएसपी, बिना नंबर प्लेट के घूमती बाइक कराई सीज
एसएसपी कलानिधि नैथानी अचानक गांधीपार्क रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंच गए। यहां कप्तान ने लोगों के अलावा परीक्षार्थियों से बातचीत की। कई संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की। मौके पर चेकिग भी करवाई। इस दौरान बिना नंबर प्लेट के घूमती मिली एक बाइक को सीज करवा दिया।तपती दुपहरी में एसएसपी बस स्टैंड पर दल बल के साथ पहुंचे तो खलबली मच गई। यहां करीब आधा घंटे तक रुके। सबसे पहले सड़क पर दुकानों का हाल देखा। चौकी इंचार्ज को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि उचित कीमतों पर ही लोगों को सामान बेचा जाए। इसके बाद एसएसपी ने कुछ यात्रियों से भी बातचीत की। वहीं एमएसटी बनवाने के लिए लाइन में खड़े छात्रों को देखकर एसएसपी उनके पास पहुंचे। उनकी समस्याएं पूछीं और चौकी प्रभारी व संबंधित कर्मचारी को निर्देश दिए कि छात्रों की मदद करें और कोई परेशानी होने पर रास्तों की उचित जानकारी दें। हालांकि एसएसपी को देखकर कर्मचारियों ने तेजी से काम शुरू कर दिया। इसके अलावा कप्तान ने बस अड्डे पर आवारा घूमने वाले संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। इस दौरान आगे और पीछे बिना नंबर की एक बाइक को सीज करा दिया। तीन दर्जन से अधिक वाहनों की पड़ताल भी शुरू की गई है।