
अलीगढ़ में क्रिकेट मैच, अपर नगर आयुक्त की टीम चार रन से जीती
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत रविवार को हुए टी- 20 क्रिकेट मैच में अपर नगर आयुक्त की टीम चार रन से विजयी हुई। टीम ने 20 ओवर में 141 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा कर रही नगर आयुक्त की टीम 137 रनों पर ही सिमट गई। दो ओवर में पांच रन देकर तीन विकेट लेने पर नगर आयुक्त को मैन आफ द मैच घोषित किया।अमृत महोत्सव के तहत नगर निगम द्वारा प्रतिदिन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महुआ खेड़ा के मैदान में सद्भावना क्रिकेट मैच आयोजित हुआ। मुकाबला नगर आयुक्त गौरांग राठी और अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त की टीम के बीच हुआ। टास जीतकर टीम के कप्तान अपर नगर आयुक्त ने बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवर में टीम ने 141 रन बनाए। नगर आयुक्त ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। लेखाधिकारी अखिलेश तिवारी ने दो विकेट लिए। बल्लेबाजी करने उतरी नगर आयुक्त की टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन लक्ष्य तक न पहुंच सकी। अपर नगर आयुक्त की टीम को विजेता घोषित किया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम द्वारा ऐसे सद्भावना मैच आगे भी होते रहेंगे। इस अवसर पर संजय सक्सेना, देशदीपक, अकील, अमित राय, रिकू हिमसागर, अनिल वर्मा आदि मौजूद रहे। दर्शकों ने तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। दर्शकों में मौजूद कुछ लोगों का कहना था कि नगर आयुक्त ने अच्छा प्रदर्शन किया। बाकी खिलाड़ियों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा, जिसकी वजह से टीम को हार का सामना करना पड़ा है।