
अलीगढ़ में पुलिस कार्रवाई के विरोध में अधिवक्ता आज हड़ताल पर
सरकार द्वारा न्याय शुल्क में 10 गुना बढ़ोतरी होने व अधिवक्ता के घर पुलिस कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को अधिवक्ता हड़ताल पर रहेंगे। अधिवक्ता ने चेतावनी दी है कि हड़ताल के दौरान पुलिसकर्मियों को दीवानी न्यायालय में घुसने नहीं देंगे।हाईकोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति (पश्चिमी उत्तर प्रदेश मेरठ) के आह्वान पर गुरुवार को दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन ने बैठक की। इसमें तीन बिंदुअों पर मंथन हुआ। महासचिव संजय पाठक ने बताया कि बुधवार को शोक प्रस्ताव होने के बावजूद 15-20 अधिवक्ताओं ने काम किया, जो निंदनीय है। बैठक में ऐसे अधिवक्ताओं पर दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। न देने पर सदस्यता रद भी की जा सकती है। वहीं जवां में पुष्पेंद्र रघुवंशी के घर पुलिस की कार्रवाई में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसे लेकर शुक्रवार को हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान पुलिस को दीवानी में अंदर नहीं आने देंगे। इसके अलावा न्याय शुल्क में 10 गुना बढ़ोतरी का भी विरोध किया जाएगा। बैठक में अध्यक्ष बृजेश सिंह, संतोष कुमार शर्मा, प्रमोद कुमार, मलखान सिंह आदि मौजूद थे।