
सासनीगेट के मोहल्ला लड़िया स्थित मदरसे में बच्चों को जंजीर से जकड़कने वाले वीडियो में दिख रहे दो और बच्चों तक पहुंची पुलिस
अलीगढ़ सासनीगेट के मोहल्ला लड़िया स्थित मदरसे में बच्चों को जंजीर से जकड़कर रखने के मामले में पुलिस वायरल हुए वीडियो में दिख रहे तीन बच्चों में से दो तक पुलिस पहुंच गई है। दोनों बच्चे जिले से बाहर के हैं। जबकि इनके स्वजन अलीगढ़ में रह रहे हैं। पुलिस ने उनसे पूछताछ भी की है। बच्चों को भी बुलाया जा रहा है। वहीं तीसरे बच्चे तक पहुंचने में भी पुलिस जुटी हुई है।लड़िया स्थित तालीम उल कुरान मदरसे से बुधवार को 24 बच्चों को मुक्त कराया गया था। इनमें आठ बच्चे गैर राज्य के थे, जिन्हें तालानगरी स्थित शेवियो शेल्टर होम में रखा गया। गुरुवार को ये सभी बच्चे चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के जरिये स्वजन के सुपुर्द कर दिए गए। पुलिस के मुताबिक, इन बच्चों ने पूछताछ में मदरसे के माहौल को लेकर कोई सवाल नहीं उठाया है। वहीं वायरल वीडियो में दिख रहे दो बच्चों को भी पुलिस ने तस्दीक कर लिया है। वीडियो प्रथम लाकडाउन से पहले का है। इनमें एक बच्चे के नाना-नानी मदरसे के पास ही रहते हैं। उन्होंने पूछताछ में बताया कि बच्चे के पिता ने दूसरी शादी कर ली है। वह पिता के साथ फिलहाल दिल्ली में रह रहा है। दूसरा बच्चा भी इसी क्षेत्र का है। उसके माता-पिता ने बताया कि बच्चा फिलहाल अपनी मौसी के पास टूंडला में है। स्वजन ने पूछताछ में कहा है कि दोनों बच्चे शरारती थे। ऐसे में उन्होंने खुद बच्चों को नियंत्रित करने के लिए जंजीर में बांधकर रखने की बात कही थी। हालांकि इसकी तस्दीक करने के लिए पुलिस ने दोनों बच्चों को बुलवाया है। इधर, दोनों बच्चों के आने के बाद वीडियो में दिख रहे तीसरे बच्चे की भी पहचान कराने में मदद मिलेगी