
स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस का स्लॉट नहीं बढ़ने से सैकड़ों आवेदक परेशान
अलीगढ़ में लाइसेंस का स्लॉट न बढ़ने से जनपद के सैकड़ों आवेदक परेशान हैं। फीस कटवाने के बाद भी इन आवेदकों को स्लॉट नहीं मिल रहा है।जबकि कई आवेदकों के लर्निंग लाइसेंस की अंतिम तिथि करीब आ गई है। अंतिम तिथि गुजरने के बाद नियमानुसार आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस के लिए पहले आवेदन करना होगा।अपर परिवहन आयुक्त आईटी ने पत्र जारी कर कई जनपदों के स्थायी लाइसेंस स्लॉट बढ़ा दिए हैं।लेकिन अलीगढ़ में नहीं बढ़े हैं। यहां प्रतिदिन स्थायी लाइसेंस के लिए सिर्फ 100 स्लॉट जारी होते हैं। हालांकि आवेदनकर्ताओं की संख्या इससे अधिक रहती है। ऐसे में एक हजार रुपये की फीस कटवाने के बाद भी आवेदकों को तिथि नहीं मिल रही है।नियमानुसार, ड्राइविंग लाइसेंस के लिए पहले आवेदक को लर्निंग लाइसेंस लेना पड़ता है। लर्निंग लाइसेंस छह महीने के लिए वैध रहता है। लर्निंग लाइसेंस जारी होने के एक महीने बाद स्थायी लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऐसे में लोगों ने स्थायी लाइसेंस के लिए एक हजार रुपये की फीस तो कटा दी है। लेकिन उन्हें स्थायी लाइसेंस के लिए स्लॉट ही नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में 400 से 450 आवेदक परेशान चल रहे हैं।आरटीओ केडी सिंह गौर ने बताया कि परिवहन मुख्यालय की तरफ से अलीगढ़ का स्लॉट नहीं बढ़ाया है। इसका मुख्य कारण है कि हमारे पास आरआई नहीं है। हाथरस आरआई संतोष कुमार ही आधा दिन अलीगढ़ का काम देखते हैं। जनता की समस्या को भी अवगत करा चुका हूं। फिर भी मुख्यालय में बात कर समस्या का समाधान कराने का प्रयास करूंगा।