
आगरा के डीएम के ड्राइवर की बहू ने अपने सास-ससुर पर अंधविश्वास के नाम पर मारपीट करने व जबरन नशीली दवा देने और दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने डीएम से इसकी शिकायत की है। उन्होंने वीडियो भी दिखाए हैं, जिसमें उसके साथ अंधविश्वास के नाम पर मारपीट की जा रही है। पुलिस भी कार्रवाई नहीं करती है।
पीड़िता ने डीएम को बताई आपबीती
डीएम आगरा के ड्राइवर मुकेश कुमार की बहू सोनाली गुरुवार दोपहर अपनी मां के साथ डीएम कार्यालय पहुंची। सोनाली का आरोप है कि उसकी सास पुष्पा देवी और ससुर मुकेश उन पर प्रेतात्मा होने की बात कहते हुए अंधविश्वास के चलते मारपीट करते हैं। उसे जबरन नशीली दवा खिलाई जाती है। आए दिन उसके साथ मारपीट करते हैं। सोनाली ने आरोप लगाया कि सास-ससुर दहेज के लिए भी प्रताड़ित करते हैं। उससे दो लाख रुपए की मांग की जाती है। इतना ही नहीं उसके साथ मारपीट का वीडियो बनाकर मायके वालों को भेजते हैं। सोनाली ने डीएम आगरा को प्रताड़ना का वीडियो भी दिखाए हैं।
दो बार की शिकायत, लेकिन नहीं की गई कार्रवाई
सोनाली ने बताया कि वह दो बार पुलिस में शिकायत कर चुकी है, लेकिन उसके ससुर डीएम का ड्राइवर होने के चलते अपनी हनक दिखाकर पुलिस को वापस कर देता है। उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। आए दिन मारपीट की जाती है। पीड़िता डीएम कार्यालय के बाहर फूट-फूट कर रोई। डीएम ने मामले की जांच करवाने का आश्वासन दिा है।
वीडियो में दिख रही यातनाएं
पीड़िता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है। इसमें एक महिला पीड़िता को पैरों के बीच बाल पकड़कर दबाकर बैठी है। वह पीड़िता को मारते हुए पूछ रही है कि बता कौन है तू। हिंदू है या मुस्लिम। इसके अलावा उसके मुंह में जबरन दवा भी डाली जा रही है। वीडियो में एक पुरुष की आवाज भी सुनाई दे रही है। पीड़िता रोते हुए कुछ भी जानकारी न होने की बात कह रही है। वीडियो में महिला से पूछ रही है कि तू इसके पीछे क्यों पड़ी।