महिलाओं व शिशु पोषण के प्रति जागरूकता हेतु पोषण पंचायत का आयोजन –
एटा,

जनपद में बुधवार को शीतलपुर ब्लॉक पर मिशन शक्ति के अंतर्गत पोषण माह को ध्यान में रखते हुए पोषण पंचायत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य रामसखी कठेरिया द्वारा फीता काटकर पोषण पंचायत का शुभारंभ किया गया । व इस दौरान कुपोषित महिलाओं,बच्चों के लिए पुष्टाहार विभाग द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजना एवं पोषण अभियान के अंतर्गत चलाई जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी एवं लाभ के विषय में बताया गया। इसके साथ ही पोषण वाटिका, पौधारोपण एवं सुपोषण के लिए योग एवं आयुष के महत्व से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही सहजन के पौधे को पोषण वाटिका में सम्मिलित करने व उसके लाभ के विषय में बताया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि पोषण पंचायत के दौरान पोषक आहार, हरी सब्जियां, दालें आयुष के महत्व को समुदाय तक पहुंचाने के उद्देश्य स्टॉल लगाए गए। साथ ही स्थानीय खाद्य पदार्थों एवं पौष्टिक भोजन की जनजागरूकता तथा आवश्यकता अनुसार अनुपूरक आहार आदि के विषय में जानकारी दी गई। व पोषण रंगोली, अन्नप्राशन उत्सव, गोद भराई, बचपन दिवस, पोषण एवं स्वास्थ्य शिक्षा आदि विषयों पर जागरूकता संदेशों को प्रदर्शित किया गया।
पोषण पंचायत के दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्य रामसखी कठेरिया ने गर्भवती महिलाओं को माला पहनाकर, नारियल रखकर और महिलाओं का मुंह मीठा करके उन्हें मिठाई व गोद भराई से जुड़ी अन्य सामग्री वितरित करके महिलाओं की गोद भराई की । गोद भराई का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं व शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, पोषक आहार ,जन्म से 6 माह तक सिर्फ मां का दूध पिलाए जाने को बढ़ावा देना है।
इसके साथ ही आयोग के सदस्य द्वारा 6 माह की आयु पूरा कर चुके बच्चों को खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन किया गया।साथ ही बच्चों की मां और अन्य महिलाओं को अन्नप्राशन के महत्व के बारे में बताया। अन्नप्राशन का उद्देश 6 माह तक के बच्चों को केवल मां का दूध व उसके बाद मां के दूध के साथ-साथ ऊपरी अनुपूरक आहार की जानकारी माता व शिशु के परिवारजनों तक पहुंचना है। जिससे उचित पोषण प्राप्त करके बच्चों का उचित मानसिक व शारीरिक विकास हो सके।
पोषण पंचायत कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग सदस्य रामसखी कठेरिया, जिला विकास अधिकारी एस.एन सिंह कुशवाह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सिंह, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना से गीता वार्ष्णेय, बाल संरक्षण अधिकारी सुखबीर सिंह, निरीक्षक महिला थाना रजिया, वन स्टॉप सेंटर मैनेजर ललिता सिंह, स्वयं सहायता समूह सदस्य, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आदि मौजूद रहे।