परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करेगा सास, बेटा -बहू सम्मेलन
- सास,बेटा – बहू सम्मेलन हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न
एटा
दंपतियों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद में 20 सितंबर से 20 अक्टूबर के मध्य सास, बेटा- बहू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दंपति को परिवार नियोजन के व परिवार नियोजन साधना के उपयोग के लिए जागरूक करना है।20 सितंबर से आयोजित किए जाने वाले सास ,बेटा – बहू सम्मेलन कार्यक्रम के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ उमेश कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में सीएमओ सभागार में जनपद स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी ब्लॉक के बीसीपीएम, बीपीएम को कार्यक्रम के विषय में विस्तृत रूप से बताया गया।

इस दौरान परिवार नियोजन कार्यक्रम नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि सास -बेटा -बहू सम्मेलन का आयोजन उपकेंद्र स्तर पर 20 सितंबर से 20 अक्टूबर के बीच अभियान के रूप में किया जाएगा। सम्मेलन के आयोजन के लिए हेल्थ एंड वैलनेस- उपकेंद्र पर आशा कार्यकर्ताओं द्वारा सी.एच.ओ व एएनएम को सहयोग दिया जाएगा।उन्होंने बताया कि प्रत्येक हेल्थ एंड वैलनेस- उपकेंद्रों पर 10 से 12 आशाएं होती हैं। सभी आशाओं द्वारा सास-बेटा-बहू सम्मेलन कराया जाएगा। प्रत्येक सम्मेलन में लगभग 90 प्रतिभागी प्रतिभाग करेंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सास-बेटा-बहू सम्मेलन का उद्देश्य सास और बहू के मध्य समन्वय और संवाद को उनके पारस्परिक अनुभवों के आधार पर रुचिकर खेलों और गतिविधियों के माध्यम से बेहतर करना है। जिससे वह प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति अपनी अवधारणाओं, व्यवहार व विश्वास में बदलाव ला सकें। प्राय परिवार में लगभग सभी निर्णय में पुरुषों की सहमति सर्वोपरि होती है, इसलिए सास बहू सम्मेलन के दौरान पुरुष सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु बेटे का प्रतिभाग किया जाना आवश्यक है।
परिवार नियोजन लॉजिस्टिक्स मैनेजर अवनीश पाठक ने बताया कि सम्मेलन हेतु आशा कार्यकर्ताओं द्वारा विगत एक वर्ष के दौरान नवविवाहित दंपत्ति, विगत एक वर्ष के अंदर उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिला,ऐसे दंपत्ति जिन्होंने परिवार नियोजन का कोई भी साधन नहीं अपनाया है, ऐसे दंपत्ति जिनके 3 या 3 से अधिक बच्चे हैं एवं आदर्श दंपत्ति जिनका विवाह से 2 वर्ष के बाद पहला बच्चा हुआ हो, जिनके पहले बच्चे व दूसरे बच्चे में कम से कम 3 वर्ष का अंतराल हो आदि को चिन्हित कर सम्मेलन में आमंत्रित किया जाएगा।
सम्मेलन के दौरान खेल का आयोजन-
सास – बेटा – बहू सम्मेलन के दौरान गुब्बारा खेल का आयोजन किया जाएगा। खेल के अंतर्गत 4 परिवार प्रतिभाग करेंगे, जिसमें प्रत्येक परिवार को अलग-अलग संख्या में क्रम से एक, दो, तीन व पांच गुब्बारे वितरित किए जाएंगे। इस खेल के माध्यम से सीमित एवं छोटे परिवार के महत्व के बारे में बताया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ उमेश कुमार त्रिपाठी, एसीएमओ डॉक्टर सुधीर कुमार, डीपीएम मो. आरिफ, परिवार नियोजन लॉजिस्टिक्स मैनेजर अवनीश पाठक, डीएफपीएस आशीष दुबे, समस्त बीसीपीएम, बीपीएम आदि मौजूद रहे।