
अलीगढ़।knlslive ,यातायात नियमों की अनदेखी पड़ी भारी,अलीगढ़ के 497 लाइसेंस सहित 660 लाइसेंस निलंबित
शहर में वाहन संचालन कर रहे हैं तो यातायात नियमों का जरुर ध्यान रखें, कहीं एेसा न हो कि नियमों के उल्लंघन में आपके वाहन का चालान हो जाए। इतना ही नहीं बार-बार नियम तोड़ने पर आपका ड्राइविंग लाइसेंस भी निरस्त हो सकता है। ऐसे ही 660 वाहन चालकों को यातायात नियमों की अनदेखी व लापरवाही भारी पड़ गई है। इनके ड्राइविंग लाइसेंस को परिवहन विभाग ने अगले तीन माह तक के लिए निलंबित कर दिया है। इस अवधि में वे वाहन नहीं चला सकेंगे। यदि वाहन चलाते हुए मिले तो लाइसेंस आजीवन निरस्त कर दिया जाएगा।आरटीओ व ट्रैफिक पुलिस शहर से लेकर देहात तक यातायात नियमों के प्रति वाहन चालकों को जागरुक कर रही है। यातायात नियमों के उल्लंघन पर उनके खिलाफ चालान, जुर्माना व सीज करने की कार्रवाई की जा रही है। पिछले दो माह में ही जिले के 497 वाहन चालकों पर छह गंभीर यातायात उल्लंघन के अपराधों में कार्रवाई करते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।आरटीओ प्रवर्तन फरीदउद्दीन ने बताया कि यातायात नियमों के प्रति वाहन चालकों को जागरुक किया जा रहा है। नियम ताेड़ने पर अलीगढ़ के 497, दिल्ली के 34, बुलंदशहर के 21, हाथरस के 17, मथुरा के 14, आगरा के 15, नोयडा के 10 व अन्य जिलों व राज्यों के 52 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। वाहन चालक तीन माह तक वाहन नहीं चला सकेंगे। फिर भी ऐसा करते मिले तो लाइसेंस आजीवन निरस्त कर दिए जाएंगे l