दो घरों से नकदी व जेवरात समेत लाखों रुपये की चोरी

एटा/सकीट। क्षेत्र के गांव नाजिरपुर में शनिवार रात चोरों ने दो घरों में नकब लगाकर नकदी और जेवरात सहित लाखों रुपये का माल पार कर दिया। एक आरोपी को नामजद कर दो के खिलाफ गृहस्वामी ने मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली नगर के मोहल्ला अशोक विहार में भी जेवरात व सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
रविवार सुबह दीवार में नकब लगाकर चोरी होने की सूचना नाजिरपुर निवासी जितेंद्र कुमार ने पुलिस को दी। जितेंद्र का कहना है कि शनिवार रात करीब दो बजे परिवारीजन कमरे के बाहर बरामदे में सो रहे थे। तभी खटपट की आवाज रेनू देवी पत्नी अरविंद कुमार को सुनाई दी, परिवारीजनों जगाया गया। जितेंद्र का कहना कि रहीशपाल निवासी नामालूम व एक अन्य व्यक्ति दिखाई दिया। चीख-पुकार मची तो दोनों भाग गए। चोर घर से एक सोने का हार, जंजीर, टीका, चार अंगूठी, दो चूड़ियां, चांदी की तीन जोड़ी पायल, करधनी और एक लाख रुपये नकद ले गए।
जितेंद्र ने बताया कि गांव के ही बृजलाल के घर की दीवार में नकब लगाकर सोने की जंजीर, दो अंगूठी, एक मंगलसूत्र, चार चूड़ियां, तीन पैंडल, एक टीका, झुमकी, चांदी की एक जोड़ी पायल व करधनी और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। प्रभारी निरीक्षक सुभाष बाबू ने बताया कि नकब लगाकर चोरी की वारदात की गई हैं। मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश में जुटे हुए हैं। वहीं कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित मोहल्ला अशोक विहार निवासी संतोष देवी पत्नी परवेंद्र सिंह ने 12 अगस्त की रात घर से दो सिलिंडर, बेटरी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने की रिपोर्ट लिखाई है। जबकि थाना जलेसर में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका ने मूत्रालय का सामान व लोहा चोरी होने का मुकदमा लिखाया है।