
नीलम मार्केट में पुरानी दुकानें तोड़कर होगा नया निर्माण
एटा। जिला पंचायत की बैठक सोमवार को अध्यक्ष रेखा यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसका संचालन अपर मुख्य अधिकारी राहुल सिंह ने किया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नीलम मार्केट में जिला पंचायत की पुरानी दुकानों को गिराकर नया निर्माण कराया जाएगा।
सबसे पहले पिछले बैठक की कार्रवाई की पुष्टि की गई। इसके बाद जिला पंचायत के समग्र एवं समेकित विकास के लिए वर्ष 2021-22 की कार्य योजना प्रस्तुत की गई। इसे सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया। अपर मुख्य अधिकारी ने प्रस्ताव रखते हुए बताया कि जिला पंचायत के नीलम मार्केट के ब्लॉक 1 और 2 में भूतल तथा प्रथम तल पर बनीं 50 साल पुरानी दुकानें जीर्ण-शीर्ण हालत में हैं। किरायेदार दुकानदारों की सहमति से इन दुकानों को गिराकर नई दुकानों का निर्माण कराया जाएगा।
इस पर सभी सदस्यों ने मंजूरी दी। 1944 से 1984 तक के 6 अस्थायी अग्रिम अंकन 63691 रुपये को बट्टे खाते में डाले जाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में कुलदीप कुमार, दुर्गेश कुमार, सुनीता, जितेंद्र पाल सिंह, पूनम यादव, रेशमा देवी, उर्मिला, भूरी देवी, मुकेश यादव, अमरलता, सुमन देवी, अरविंद, गिरंद, यशोदा देवी, विनोद यादव, सोनी यादव, गीता देवी, महेंद्र सिंह, जुगेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, विक्रांत यादव, रूबी कुमार, ब्लॉक प्रमुख शीला देवी आदि रहे।