
एसडीएम और पुलिस टीम पर फायरिंग, झगड़े की सूचना पर पहुंचे थे गांव
~गांव नगला कंसी में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया था। इसकी सूचना पर एसडीएम पुलिस टीम के साथ वहां पहुंचे थे। इसी दौरान हमलावरों ने उन पर भी फायरिंग कर दी।~
एटा जिले के थाना जैथरा क्षेत्र के गांव नगला कंसी में शुक्रवार रात दो पक्षों के बीच गोलीबारी होने की सूचना पर पहुंचे एसडीएम अलीगंज और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी गई। फायरिंग में एसडीएम बाल-बाल बचे। हमलावरों के खिलाफ थाना प्रभारी की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है।
घटना शुक्रवार रात करीब नौ बजे की है। गांव के दो पक्षों में एक रास्ते को लेकर विवाद था। इस पर एक पक्ष ने शुक्रवार को काम शुरू करा दिया। गांव के योगेंद्र कुमार का आरोप है कि राजभान उर्फ गोली निवासी नगला चंदन सहित सात लोग काम करा रहे थे। जब विरोध किया तो आरोपियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी।