
इंतजार ख़त्म, एक जून से 18 साल से ऊपर वाले युवाओं का टीकाकरण
एटा,
जनपद में टीकाकारण के लिए युवाओं का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। जनपद में एक जून से 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लिए टीकाकरण प्रारंभ होने जा रहा है । प्रदेश के 23 जिलों में इस वर्ग के लोगों का टीकाकरण पूर्व में ही प्रारंभ कर दिया गया था। एक जून से प्रदेश के सभी जिलों में 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण प्रारंभ किया जा रहा है। शासन द्वारा 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों के सुविधाजनक टीकाकरण के लिए कई व्यवस्थाएं की गई हैं ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जनपद में एक जून से 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण के लिए शासनादेश प्राप्त हो चुका है। एक जून से जनपद में हर दिन कम से कम 1000 नागरिकों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा जाएगा। जिससे टीकाकरण को गति प्रदान की जा सके। उन्होंने बताया कि एक जून से प्रारंभ हो रहे टीकाकरण में हर वर्ग के लोगों को ध्यान में रखते हुए टीकाकरण केंद्र बनाए जाएंगे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ राम सिंह ने बताया कि 18 से 44 आयु वर्ग के लिए अर्बन क्षेत्र में 10 कोरोना टीकाकरण साइट बनाई जाएंगी। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में दो साइट बनाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के लिए ब्लॉक निधौली कला व जलेसर का चयन किया गया है।
वर्कप्लेस टीकाकरण केंद्र-
जिले में 18 से 44 आयु वर्ग के लिए चार वर्क प्लेस टीकाकरण केंद्र का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कम से कम 50 लोगों का टीकाकरण किया जा सके। इसमें जिला न्यायालय, सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों के लिए, सरकारी कार्य स्थल के लिए दो सत्र स्थापित किए जाएंगे। जरूरत के अनुसार वर्कप्लेस टीकाकरण केंद्र का स्थान बदलते हुए राष्ट्रीयकृत बैंककर्मी, परिवहन कर्मचारी, रेलवे या अन्य राजकीय कार्यालयों को भी शामिल किया जाएगा। सभी वर्कप्लेस टीकाकरण केंद्र पर 45 व उससे अधिक आयु वर्ग वालों के लिए 50 स्लॉट रखे जाएंगे। प्रत्येक वर्कप्लेस केंद्र पर 100 लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। लेकिन इन्हें दो केंद्र के रूप में चलाया जाएगा।
जिला न्यायालय में लगने वाले दैनिक टीके की सूची जिला न्यायाधीश के कार्यालय, मीडियाकर्मियों की सूची जिला सूचना अधिकारी, शिक्षकों की सूची डीआईओएस-बीएसएस, अन्य सरकारी कर्मचारियों की सूची जिलाधिकारी कार्यालय पहले से बनाकर स्वास्थ्य विभाग को देंगे।
अभिभावक स्पेशल टीकाकरण केंद्र-
जिले में दो अभिभावक स्पेशल कोरोना टीकाकरण केंद्र बनाए जाएंगे, जिसमें 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के माता-पिता का टीकाकरण किया जाएगा। इसमें अभिभावकों को पंजीकरण एव टीकाकरण के समय अपने बच्चे की उम्र 12 वर्ष से कम होने के प्रमाण के रूप में आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र पेश करना होगा। प्रत्येक केंद्र पर कम से कम 100 नागरिकों का टीकाकरण किया जाएगा।
नगरीय व ग्रामीण क्षेत्र के टीकाकरण केंद्र-
नगरीय क्षेत्र में 18 से 44 आयु वर्ग के लिए रोज तीन टीकाकरण केंद्र बनाए जाएंगे। प्रत्येक केंद्र पर कम से कम 100 नागरिकों का टीकाकरण किया जाएगा। नगरीय क्षेत्र के पास के पेरी-अर्बन के लिए एक केंद्र बनाया जाएगा। यहां भी कम से 100 नागरिकों का टीकाकरण किया जा सकेगा। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में 18 से 44 आयु वर्ग वालों के लिए दो टीकाकरण केंद्र बनाए जाएंगे। जिसमें कम से कम 100 नागरिकों का टीकाकरण किया जा सकेगा।