
आज GST काउंसिल की अहम बैठक, टिकी रहेंगी सबकी नजर
कोरोना के इलाज में जरूरी दवाओं, उत्पादों, उपकरणों और वैक्सीन पर सरकार GST हटा सकती है. कई राज्यों ने केंद्र सरकार से ये मांग की है. GST हटाने या कम करने को लेकर फैसला आज होने वाली GST काउंसिल की बैठक में लिया जा सकता है. इस बैठक की अध्यक्षता वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण करेंगी.
7 महीने के लंबे इंतजार के बाद आज GST काउंसिल की 43वीं बैठक होनी है, राज्यों ने GST काउंसिल की 43वीं बैठक बुलाने पर खुशी जताई है, राज्यों को उम्मीद है कि सरकार कोरोना महामारी के बीच GST को लेकर ये राहत दे सकती है. अभी वैक्सीन पर 5% जबकि कोरोना से जुड़ी दवाओं और ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर्स पर 12% GST लगता है. कुछ राज्यों ने कोरोना के इन सभी प्रोडक्ट्स पर GST खत्म करने या कम करने की मांग की है.
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले फिटमेंट पैनल की एक बैठक हुई थी, जिसमें कोरोना वैक्सीन और इससे जुड़े उत्पादों पर GST घटाने या जीरो करने पर चर्चा हुई थी. पैनल में केंद्र, राज्य और जीएसटी काउंसिल सेक्रेटेरिएट के अधिकारी शामिल रहे. पैनल ने GST में बदलाव से होने वाले फायदे और नुकसान और वैक्सीन की कीमत पर पड़ने वाले असर की लिस्ट तैयार की है, जिस पर आज होने वाली GST काउंसिल की बैठक में चर्चा हो सकती है.