
मण्डलायुक्त ने एकीकृत कोविड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेंटर का किया निरीक्षण
ऑक्सीजन प्लांट की तैयारियों को लेकर एमसीएच विंग एवं सीएचसी बागवाला का किया निरीक्षण
एटा। मण्डलायुक्त गौरव दयाल ने मंगलवार को एकीकृत कोविड कमाण्ड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान मौजूद कर्मचारियों से कमाण्ड सेंटर में आने वाले कॉल्स, आक्सीजन की मांग, कोविड अस्पताल में मरीजों का हालचाल, फोनलाईंस के बारे में जानकारी की। कन्ट्रोलरूम के सहायक प्रभारी अधिकारी दुर्गेश यादव ने बताया कि कोविड कमाण्ड सेंटर में 11 फोनलाईन्स लगी हुई है, कन्ट्रोलरूम 24 घण्टे क्रियाशील है। उन्होंने कहा कि आने वाले कॉल्स के उपरान्त मरीजों की काउंसलिंग अवश्य की जाए।
मण्डलायुक्त ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान निर्देश दिए कि आरआटी टीम एवं निगरानी समितियों द्वारा गंभीरतापूर्वक कार्य किया जाए। संक्रमित के उपरान्त प्रतिदिन होमआइसोलेट मरीज से वार्ता कर हालचाल लिया जाए। मण्डलायुक्त ने शीतलपुर ब्लाक के ग्राम कंसुरी में निगरानी समिति से वार्ता की। गांव में लक्षणयुक्त व्यक्तियों का चिन्हांकन कर दवा की किट दें, साथ ही उनकी कोविड जांच भी कराई जाए।
मण्डलायुक्त ने आक्सीजन प्लांट लगाए जाने हेतु चिन्हित स्थान सीएचसी बागवाला एवं जिला अस्पताल स्थित एमसीएच विंग का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि आक्सीजन प्लांट के तहत बैडों की उपलब्धता को सुनिश्चित कराते हुए पाईपलाईन बिछाने की कार्यवाही अतिशीघ्र पूर्ण की जाए। लोगों को वैक्सीन लगवाने हेतु अधिक से अधिक प्रेरित किया जाए।
इस अवसर पर डीएम डा0 विभा चहल, एसएसपी उदय शंकर सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व सुनील कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र, मेडीकल कॉलेज के प्राचार्य डा0 पंकज कुमार जैन, सीएमओ डा0 उमेश कुमार त्रिपाठी, सीएमएस डा0 राजेश अग्रवाल, सीएमएस डा0 अशोक कुमार, एसडीएम अबुल कलाम, क्षेत्राधिकारी राज कुमार सिंह, डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह, सहित अन्य अधिकारीगण आदि मौजूद रहे।