
जनपद में 50 हजार राशन कार्ड धारकों को मिला मुफ्त राशन
एटा : कोरोना संकट काल में 21 मई की शाम तक 50 हजार राशन कार्ड धारकों को मुफ्त राशन मिल चुका था।
शासन ने निर्देश दिए थे कि सभी कार्ड धारकों को मुफ्त राशन 30 मई तक दिया जाएगा। इसी योजना के तहत 20 मई से राशन का वितरण शुरू हो चुका है। गुरुवार शाम तक 49 हजार 697 कार्ड धारकों को राशन दिया जा चुका था। 18.34 फीसद कार्ड धारकों को शासन की मदद मिल चुकी थी। इनमें अंत्योदय कार्ड वाले पांच हजार 383 कार्ड धारक शामिल हैं, जबकि एपीएल कार्ड धारकों की तादात 44 हजार 314 है। शासन का निर्देश है कि मदद से कोई भी राशन कार्ड धारक अछूता न रह जाए। निर्धारित तिथि 30 मई तक शत-फीसद राशन का वितरण होना चाहिए।
जनपद में 806 राशन डीलर हैं, यह संख्या शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की है। तीन लाख नौ हजार 73 राशन कार्ड धारक हैं। 12 लाख 92 हजार 553 यूनिट हैं। इस संख्या के हिसाब से ही प्रति यूनिट तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल दिया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सूचित किया जा रहा है कि वे अपने डीलर के यहां जाकर राशन जरूर ले लें। जनपद में मुफ्त राशन वितरण शुरू हो चुका है। राशन कार्ड धारकों से अपील है कि वे अपने डीलर के यहां पहुंचकर अपना राशन प्राप्त कर लें। राशन का वितरण 30 मई तक किया जाएगा।
- राजीव मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी।