
डोर-टू-डोर कोरोना टेस्टिंग, सात हजार घरों तक पहुंचीं टीमें
~तमाम संदिग्धों को किया गया चिह्नित कई लोगों को किया गया होम आइसोलेट~
एटा: कोरोना की चेन तोड़ने के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मुहिम छेड़ दी है। डोर-टू-डोर कोरोना की टेस्टिंग की जा रही है। कई टीमें अब तक सात हजार घरों तक पहुंच चुकी है। जिलाधिकारी डा. विभा चहल ने अभियान में और तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
डोर-टू-डोर सर्विलांस अभियान के अंतर्गत ऐसे क्षेत्रों में टेस्टिग पर जोर दिया जा रहा है, जहां घनी आबादी है। अब तक 488 सर्विलांस टीमों ने 31 हजार 950 लोगों का सर्वे किया है। आश्चर्यजनक यह है कि इसमें से सिर्फ 52 लोग ही संदिग्ध चिह्नित किए गए। प्रशासन ज्यादा से ज्यादा सैंपलिग पर जोर दे रहा है।
एटा जनपद की नगर पालिका व नगर पंचायतों में 153 वार्ड हैं। इन सभी वार्डों में पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निकाय क्षेत्रों के लिए 102 टीमें लगाई गई हैं। लक्ष्य निर्धारित किया गया है कि 1200 से लेकर 1500 लोगों को प्रतिदिन टेस्ट किया जाए। जांच के दौरान यह भी देखा जा रहा है कि किसी को प्रारंभिक लक्षण तो नहीं हैं।
एडीएम प्रशासन विवेक मिश्र ने बताया कि कोरोना को लेकर प्रशासन सभी एहतियाती उपाय कर रहा है और सर्विलांस टीमों की निगरानी भी की जा रही है।