
जनपद में अब तक 6745 कोरोना संक्रमित मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौटे
एटा। शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में जनपद में कोविड-19 की दूसरी लहर की रफ्तार को कम करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जनपद में गत दिवस कुल 134 व्यक्ति कोरोना संक्रमित निकले। जिससे जनपद में कुल संक्रमितों की संख्या 8733 हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना की रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से होम आइसोलेट किए गए मरीजों की ट्रेकिंग की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कोरोना काल में कैसा भी बुखार हो, सावधानी बरतना ज़रूरी है। बुखार आने के बाद तुरंत कोरोना की जांच कराएं। यदि शरीर में दर्द, जुकाम, खांसी या फिर बुखार के लक्षण महसूस हों तो सबसे पहले अपने आप को आइसोलेट कर लें। इससे यह बीमारी बाकी लोगो में फैलने से बचेगी। आइसोलेशन का यह मतलब भी नहीं है कि परिजन मरीज की कोई खबर ही न लें।कोरोना टेस्ट कराने के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर बिल्कुल न घबराएं।चिकित्सक की सलाह पर ही दवा लें। चिकित्सक के संपर्क में रहें। व स्वास्थ्य विभाग द्वारा वितरित की जाने वाली दवा की किट का प्रयोग करें।उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में होम आइसोलेट किए गए मरीजों की ट्रेकिंग आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से की जा रही है। जिससे मरीज के स्वास्थ्य की जानकारी विभाग को मिल सकेगी। व उसे जरूरत पड़ने पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराई जा सकेंगी।
सीएमओ ने बताया कि जिले में संक्रमितों की संख्या 8733 हो गई है। उसमें से अब तक 6745 कोरोना संक्रमित ठीक हो चुके हैं। जनपद में गत दिवस कुल 134 संक्रमित व्यक्ति निकले। जिससे जिले में एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 1880 हो गई है। उसमें 48 कोरोना संक्रमित सीएचसी बागवाला में संचालित एल-2 अस्पताल, एल-1 अस्पताल चुरथरा में 30 कोरोना संक्रमित में भर्ती है। तो वहीं 158 कोरोना संक्रमित जिले के बाहर और 1643 होम आइसोलेशन में भेजे गए हैं। जिले में गत दिन स्वास्थ्य विभाग ने 1218 लोगों की कोरोना जांच करायी गई है। जिले में अब तक 3 लाख 93 हजार 966 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है।