
सकीट ब्लाक के ग्राम कुंवरपुर नगरिया में मतदान 9 मई को
एटा। जिला निर्वाचन अधिकारी डा0 विभा चहल ने सूचित किया है कि राज्य निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 के तहत प्रधान ग्राम पंचायत के पद के प्रत्याशी की मृत्यु हो जाने के उपरान्त निर्वाचन सम्पन्न कराये जाने हेतु कार्यक्रम निर्गत किया गया है। जिसके अनुसार विकासखण्ड सकीट की ग्राम पंचायत कुंवरपुर नगरिया में 9 मई को प्रातः 7 बजे से सांय 6 बजे तक मतदान होगा, तो वहीं मतगणना 11 मई को होगी।
डीएम ने निर्देश दिए कि निर्वाचन एवं मतगणना को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से कानून एवं शांति व्यवस्था के दृष्टिगत मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। जिसके तहत अबुल कलाम एसडीएम सदर को मजिस्ट्रेट, सीपी सिंह तहसीलदार एटा को 52-प्राथमिक पाठशाला कुंवरपुर नगरिया, 95 प्राथमिक पाठशाला कुंवरपुर नगरिया कक्ष संख्या एक एवं आरपी सिंह नायब तहसीलदार एटा को 52-प्राथमिक पाठशाला कुंवरपुर नगरिया, 96 प्राथमिक पाठशाला कुंवरपुर नगरिया कक्ष संख्या दो हेतु तैनात किया गया है।
डीएम ने कहा कि तैनात मजिस्ट्रेट अपने आवंटित क्षेत्रों में 9 मई को मतदान प्रारंभ से लेकर मतदान के उपरान्त विकासखण्ड सकीट पर मतपेटियों को सुरक्षित जमा कराये जाने तथा 11 मई को मतगणना शुरू से लेकर मतगणना समाप्ति तक समस्त प्रक्रियाओं के समाप्त होने तक कानून व्यवस्था की स्थिति को सुद्रढ़ बनाए रखेंगे। दिनांक 8 मई को विकासखण्ड सकीट से ग्राम पंचायत कुंवरपुर नगरिया के लिए रवाना होंगी। मतदान के उपरान्त मतपेटियां विकासखण्ड सकीट पर बने स्ट्रांगरूम में जमा की जाएंगी, मतगणना केन्द्र विकासखण्ड सकीट पर 11 मई को पूर्वान्ह 8 बजे से मतगणना का समस्त कार्य सम्पन्न कराया जाएगा।