
गुरुवार सुबह खुलेगा बाजार, बढ़ेगी सख्ती
~सड़क पर कम नजर आए वाहन लोग स्वयं कर रहे कोविड के नियमों का पालन~
एटा: लाकडाउन की अवधि दो दिन और बढ़ा दी गई। अब गुरुवार सुबह सात बजे बाजार खुलेगा। इस दौरान कोविड के नियमों का पालन करने के लिए जिलाधिकारी डा. विभा चहल ने अधिकारियों को सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।
लाकडाउन को लेकर सोमवार को भी सन्नाटा पसरा रहा। सड़कों पर चंद वाहन ही चलते नजर आए, जबकि बाजार पूरी तरह से बंद रहे। चूंकि पुलिस फोर्स मतगणना में व्यस्त था, इस वजह से सड़कों पर बहुत कम पुलिस बल की तैनाती रही। चेकिग भी ठीक तरह से नहीं हो पाई। सड़कों के किनारे इक्का-दुक्का फल वालों के ठेले ही नजर आए, लोग सब्जी व अन्य जरूरत की चीजों के लिए तरस गए। लोगों को दूध के लिए भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। जो लोग पैकेट का दूध लेते हैं उन्हें दुकानें बंद होने के कारण दूध नहीं मिल पाया। हालांकि दूधियों ने आपूर्ति जारी रखी। लाकडाउन में सबसे ज्यादा परेशानी रोजमर्रा की चीजों के लिए हो रही है। लोगों को जरूरत का सामान नहीं मिल पा रहा। इक्का-दुक्का ठेले वाले सब्जी लेकर जब गलियों में पहुंचते हैं तो तत्काल ही उनकी सब्जी बिक जाती है और तमाम लोग वंचित रह जाते हैं। लोग जैसे-तैसे अपना काम चला रहे हैं। व्यापारियों को उम्मीद थी कि मंगलवार को बाजार खुल जाएगा, लेकिन दोपहर के वक्त जैसे ही यह खबर आई कि अब बाजार गुरुवार को खुलेगा तो मायूसी छा गई।